शहर कोतवाली और फूलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसों में किशोर और महिला की मौत हो गई जबकि गंभीरपुर और बरदह थाना क्षेत्र में हुए तीन सड़क हादसों में पिता-पुत्र सहित छह लोग घायल हो गए। घायल पिता-पुत्र को काफी मशक्कत के बाद जिला अस्पताल भेजा गया जहां दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
सिधारी थाना क्षेत्र के दौलतपु गांव निवासी मुन्नी बानो (35) पत्नी शमसुद्दीन गुरुवार को दवा लेने शहर आई हुई थी। डाक्टर के यहां से मुन्नी दवा लेकर एक व्यक्ति के बाइक पर बैठकर घर जा रही थी। शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर गांव के पास अनियंत्रित बाइक के टक्कर से मुन्नी घायल हो गई जबकि अन्य लोग बच गए। घटना के बाद वहां आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। जब तक लोग मुन्नी को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि उसकी मौत हो गई।
इसक्रम में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास बुधवार की शाम अनियंत्रित बाइक के टक्कर से घायल हुए किशोर की इलाज के दौरान गुरुवार को शहर के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। मृत किशोर समीर (13) पुत्र मो. ताहिर था। वह फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का निवासी था।
इसी क्रम में गंभीरपुर बाजार निवासी रामजनम गुप्ता (32) अपने पिता भोला गुप्ता (65) के साथ आटोरिक्शा में बैठकर जौनपुर से घर लौट रहा था। बरदह थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव के पास आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। दोनों को पीएचसी ठेकमा में भर्ती कराया गया। लेकिन वहां कोई डाक्टर ही नहीं था। ऐसे में एबुलेंस चालक दोनों को जिला अस्पताल ले जाने को राजी नहीं हुए। बाद में सीएमओ के हस्तक्षेप के बाद पिता-पुत्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां भोला की हालत गंभीर बनी हुई है। इसक्रम में गंभीरपुर थाना क्षेत्र के विषया गांव निवासी अंजली विश्वकर्मा (19) गुरुवार की दोपहर अपने जीजा के साथ बाइक पर बैठकर बरदह थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव जा रही थी।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव के पास बने ब्रेकर पर बाइक उछली और अंजली गिरकर घायल हो गई। इसीक्रम में गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कलंदरपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार (23) पैदल कहीं जा रहा था। जबकि इसी थाना क्षेत्र के नगरइयां जहानपुर गांव निवासी अफरोज आलम (25) और शहनावाज (23) एक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के थनौली गांव के पास रोडवेज की अनियंत्रित बस ने बाइक में टक्कर मारकर इन दोनों को घायल कर दिया। घटना के बाद भागने के चक्कर में चालक ने पैदल जा रहे राजेंद्र को भी टक्कर मारते हुए घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजवा दी। जहां राजेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।