पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले शनिवार की रात अराजकतत्वों ने दलितों की भावनाओं भड़काने के लिए सरायमीर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर लगी डा. अंबेडकर की प्रतिमाओं को तोड़ दिया। रविवार की सुबह गांव के दलित आक्रोशित होकर लामबंद होने लगे। लेकिन ऐन वक्त पर एसपी अजय कुमार साहनी कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। एसपी ने प्रतिमा की मरम्मत और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। पुलिस एक स्थानों पर नई प्रतिमा और दो प्रतिमाओं की मरम्मत कराई। घटना के संबंध में अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा सुप्रीमो मायावती का शहर के आईटीआई मैदान में विशाल जनसभा थी। पार्टी के लोग अधिक से अधिक भीड़ जुटाने की तैयारी में लगे हुए थे। बसपा के इस कार्यक्रम में खलल पैदा करने के उद्देश्य से अराजकतत्वों ने शनिवार की रात सरायमीर थाना क्षेत्र के खंडवारी, पेडरा और कस्बा सरायमीर के खुदकास्ता मुहल्ले में लगे डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
दलित बस्ती के नजदीक प्रतिमा टूटने से समुदाय के लोग आक्रोशित हो गए और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। उधर प्रतिमा टूटने की सूचना से प्रशासन के हाथपांव फूल गए। एसपी अजय कुमार साहनी ने सरायमीर, फूलपुर, दीदारगंज और अहरौला थाने की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस खंडवारी और खुदकास्ता मुहल्ले में टूटी प्रतिमा की मरम्मत करवाई। जबकि पेडरा गांव में नई मूर्ति स्थापित कराई। एसपी ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि साजिश के तहत इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।