मुबारकपुर थाना क्षेत्र के शहीदनगर मोड़ पर दो दिन पूर्व गोली मारकर की गई प्रापर्टी डीलर की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को शुक्रवार की सुबह पुलिस ने कारुपार तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपी के साथी की तलाश में जुटी हुई है।
शहीदनगर मुहल्ला निवासी मो. नसीम प्रापर्टी डीलर का काम करता था। वह नौ सितंबर की रात करीब नौ बजे बाइक से घर लौट रहा था। शहीदनगर मोड़ पर पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो युवकों ने नसीम को रोक लिया। कहासुनी के बाद बदमाशों ने नसीम को गोली मार दी।
नसीम के छोटे भाई नदीम ने मुहल्ले के सलमान पुत्र जावेद और राजू उर्फ फारुक को आरोपित किया। शुक्रवार की सुबह एसओ मुबारकपुर बृजेश यादव को मुखबिर के जरिए सूचना मिली तो वह कारुपार तिराहे पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया। वह कहीं भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहा था।
एसओ ने बताया कि सलमान की निशानदेही पर पुलिस हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर ली, जिसे वह घटनास्थल से कुछ दूर पर मौजूद महुआ के पेड़ के पास झाड़ी में छिपाकर रख दिया था। एसओ ने बताया कि सलमान का चालान कर दिया गया। पुलिस उसके दूसरे साथी राजू की तलाश में जुटी है।