कुसमुलिया गांव के पास सोमवार शाम सेल्समैन को लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों में से एक को लोगों ने कुछ ही देर बाद पकड़ लिया। जबकि दो भाग निकले। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस गेहूं के खेत में कूद गई। कीचड़ में फंसने के बाद दरोगा और इंस्पेक्टर ने गांव वालों को उत्साहित किया।
इसके बाद गांव वाले घेरकर एक बदमाश को दबोच लिए। गाजीपुर के बहरियाबाद थाने के रायपुर मठिया गांव निवासी सौरभ मिश्रा तरवां थाने के खरिहानी बाजार में स्थित एक सौंदर्य प्रसाधन की प्राइवेट कंपनी में काम करता है। सोमवार शाम करीब सात बजे वह मेंहनगर कस्बे से तगादा कर लौट रहा था।
कुसमुलिया गांव के पास पीछे से आए काले रंग की पल्सर बाइक से तीन बदमाश सौरभ की बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिए और तमंचे से भयभीत कर 45 हजार रुपये, मोबाइल और बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तलाशी लेने लगी।
इस दौरान सिंहपुर चौकी प्रभारी विजय सिंह चौकी के पास मौजूद थे। तभी बदमाश उधर से गुजरे। रुकने का इशारा करने के बाद भी भागने पर चौकी प्रभारी पीछे लग गए। बदमाशों के मौजूद होने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक डीके श्रीवास्तव भी फोर्स लेकर पहुंच गए।
उधर बदमाशों की पीछा करते समय दरोगा ने बदमाशों की बाइक में टक्कर मारी, जिससे पुलिस और बदमाशों की बाइकें गिर गईं। चौकी इंचार्ज नहर के पानी में गिर गए, जबकि बदमाश खेत में गिरे और बाइक छोड़ पैदल भागने लगे। घटना के चंद मिनट बाद ही एसओ पहुंच गए।
इसके बाद वे लोग गाड़ी से उतरकर खेत में दौड़ते हुए पीछा करने लगे। बदमाश सिंचित गेहूं के खेत में घुसकर भाग निकले। जबकि पुलिस वाले उसी में फंस गए। जिस वक्त यह सब चल रहा था, उसी समय मनिहा, मौली और तिलमापुर गांव के तमाम लोग टार्च और लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए।
दरोगा, पुलिस के उत्साहित करने पर ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश प्रमोद सिंह उर्फ सोनू पुत्र श्यामनरायन गाजीपुर जिले के भुड़कुड़ा थाने के ऐमावंशी गांव का है। प्रभारी निरीक्षक डीके श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार प्रमोद के पास से लूट के 12 हजार पांच सौ रुपये और बाइक बरामद हुई है।