लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के चक्की हाजीपुर में रविवार सुबह खेत की मेड़ बांधने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और फरसे चले। हमले में डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मारपीट की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। ।
चक्की हाजीपुर देवारा खास राजा गांव में सुबह साढ़े आठ बजे मेड़ बांधने का मामला इतना तूल पकड़ा कि दोनों पक्ष लाठी डंडों और फरसों के साथ आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट होने लगी। प्रधान पलटन यादव ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी चोट लगी। मारपीट में चक्की हाजीपुर गांव निवासी रविंदर यादव, कृष्णचंद यादव, जयचंद यादव, सरिता यादव, शांति, भीम चंद, श्रीचंद, दीपक चंद, बसंती, साधना, मनोज यादव, हरिहर यादव, पलटन यादव, जयप्रकाश यादव, अंगूर यादव, राम दरस यादव आदि घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इसमें रविंदर यादव, कृष्णचंद यादव, जयचंद यादव, मनोज यादव, जय प्रकाश यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सीओ सुधाकर सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। ग्रामीणों को शांत करा दिया गया है। घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।