आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली मुहल्ले में संपत्ति बंटवारे के विवाद में दो सगे भाईयों के बीच हुई मारपीट में घायल वृद्ध पिता की इलाज के दौरान शुक्रवार रात जिला अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के जुर्म में वृद्ध के दो बेटों को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया। इनके विरुद्ध वृद्ध की छोटी बहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली मुहल्ला निवासी जगमोहन (75) तीन बेटों का पिता था। उसके बेटे परमात्मा, लालमनी और लालबचन थे। जगमोहन अपने छोटे बेटे लालबचन के परिवार के साथ रह रहा था। जबकि परमात्मा और लालमनी अलग रहते थे। 31 अगस्त को हिस्से के बंटवारे को लेकर परमात्मा और लालमनी के बीच कहासुनी के बाद मारपीट होने लगी। दोनों बेटों को आपस में मारपीट करते देख जगमोहन बीच बचाव करने पहुंचा। जगमोहन को धक्का लगने से सिर में गंभीर चोट लगने से घायल हो गया। जगमोहन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार रात को इलाज के दौरान जगमोहन की जिला अस्पताल में मौत हो गई। उसकी मौत के बाद छोटे बेटे लालबचन की पत्नी गीता देवी ने अपने जेठ परमात्मा और लालमनी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस गैरइरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कर परमात्मा और लालमनी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश की। कोर्ट ने दोनों को जेल भेज दिया।