किशनी (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव भिटारा में काली मंदिर की बाउंड्री निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर पथराव भी शुरू कर दिया।
इस दौरान पुलिसकर्मियों से अभद्रता भी की गई। मारपीट व पत्थर लगने से दो गार्ड सहित छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराया। वहीं आरोपियों को पकड़ कर थाने ले गई।
थाना क्षेत्र के गांव भिटारा निवासी वेदराम यादव और रविंद्र यादव के बीच काली मंदिर की जमीन को लेकर न्यायालय में विवाद चल रहा है। शनिवार को रविंद्र पक्ष के लोग मंदिर की बाउंड्री का निर्माण कार्य करा रहे थे। तभी वेदराम पक्ष की ओर से पुलिस से शिकायत की गई।
सूचना मिलने के बाद वहां पहुंचे दो सिपाही जांच करने के बाद बगैर निर्माण कार्य रुकवाए ही वापस लौट गए। इसके बाद वेदराम ने दोबारा पुलिस से शिकातय की। इस बार एसआई फोर्स के साथ मौके पर आ गए। पुलिस को आता देख वेदराम पक्ष ने मंदिर की निर्माण कराई गई बाउंड्री को पलट दिया।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले गाली गलौज उसके बाद मारपीट होने लगी। विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने छिपकर जान बचाई। इस बीच दोनों पक्षों के लोगों में लाठी डंडा चलने लगे। तो पुलिस मारपीट कर रहे लोगों को रोकने के लिए बीच बचाव करने पहुंची। गार्ड धीरज और रामकिशोर लाठी लगने से घायल हो गए।
एसआई और पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट कर रहे लोगों ने अभद्रता करते हुए हाथापाई की। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों वहां से खदेड़ दिया। वहीं दो लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस ने घायल शिवम, अनिल, रामू, जिलेदार सिंह, बबिता, सुषमा व दोनों गार्डो को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने शिवम और अनिल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद प्रमोद ने थाने में तहरीर दी। इसमें कहा कि जमीन की रंजिश को लेकर गांव निवासी आरोपियों ने लाठी डंडा से मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप लगाया है कि गांव नगला बख्ती निवासी आरोपी ने आकर लड़ाई करवाई। पुत्र शिवम के सिर में छुरा मारकर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष का कहना है कि एक पक्ष की तहरीर मिल गई है। घायलों का उपचार कराया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मुकद्मा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गांव भिटारा में जमीन के विवाद में मारपीट व पथराव के बाद पहुंची पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले गई। ग्रामीणों का दबी जुबान से कहना है। कि पुलिस के जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच फायरिंग भी हुई। मगर कोई भी पुलिस के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।