लाटघाट। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 20 हजार लोगों को पहली किश्त भेजी जा चुकी है। इसी के तहत हरैया ब्लाक के बैजाबारी गांव में 12 प्रधानमंत्री आवास को मंजूरी मिली थी। पहली किश्त 40 हजार रुपये की लाभार्थियों के खाते में पहुंच गई। लेकिन किसी ने पहली किश्त से होने वाले कार्यों को पूरा नहीं किया जिसके कारण दूसरी किश्त जारी नहीं हो सकी।
लेकिन ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा पहली किश्त का उपभोग हुआ दिखाकर दूसरी किश्त की राशि के लिए डिमांड भेज दी गई। जब खंड विकास अधिकारी द्वारा जब शुक्रवार को इसकी जांच की गई तो उन्होंने मौके पर कोई भी निर्माण नहीं पाया। इस पर उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। वहीं दूसरी किश्त की डिमांड करने के मामले में बघावर के ग्राम पंचायत सचिव सदाराम वर्मा पर भी कार्रवाई तय है। खंड विकास अधिकारी गुलाब चंद ने बताया कि पहले किश्त के धन का उपभोग हुए बिना ही इन लोगों द्वारा दूसरी किश्त की मांग की गई थी। जबकि पहली किश्त से जो काम होने थे वह मौके पर नहीं हुए। इनके विरुद्घ कार्रवाई के लिए पत्र जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है।