आजमगढ़। जिले में छोटे तमंचों का मुख्य सौदागर अहमद है जो जौनपुर जिले के शाहगंज का रहने वाला है। वह मुरादाबाद में बनने वाले इस प्रकार के तमंचों की खेप अपने यहां मंगाता है। अलग-अलग जिलों में नियुक्त अपने एजेंटों के जरिये इनकी सप्लाई करवाता है। सोमवार को सिधारी थाने की पुलिस के हत्थे चढ़े 32 बोर तमंचे के सप्लायरों से हुई पूछताछ में ये खुलासा हुआ है। पुलिस मुख्य आरोपी अहमद की तलाश में जुटी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक सिधारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अहमद इससे पहले बिहार के मुंगेर में बनने वाले देशी तमंचा, पिस्टल आदि लेकर उनकी सप्लाई करता था। बीच में मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर के भी हथियार काफी मशहूर थे लेकिन इन दोनों जगहों पर तमंचा बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई होने की वजह से यहां का कारोबार न के बराबर हो गया है। ऐसे में अहमद ने अपना ठिकाना बदल लिया और मुरादाबाद में तैयार होने वाले 32 बोर के छोटे तमंचों की खेप अपने यहां मंगाता है। उसके अलग-अलग जिलों में एजेंट नियुक्त हैं जिनके जरिये वह इन छोटे तमंचों की सप्लाई करवाता है। प्रभारी निरीक्षक सिधारी अनिल कुमार सिंह के मुताबिक मुख्य सप्लायर का लोकेशन लिया जा रहा। बता दें कि सिधारी थाने की पुलिस रविवार को मूसेपुर रेलवे क्रासिंग के पास ग्राहक के इंतजार में खड़े जियापुर गांव निवासी जुगनू दीक्षित और अंबेडकर नगर के रहने वाले चंदन शुक्ला को गिरफ्तार किया था। इनके पास से 32 बोर का सात तमंचा और पांच कारतूस बरामद हुआ था। इन्हीं की निशानदेही पर पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।