लाटघाट/बलरामपुर। सिधारी थाना क्षेत्र के मुंडा गांव के पास और जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया पुलिया के पास रविवार की रात हुए दो सड़क हादसों में रोडवेज के कंडेक्टर सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि तीसरा युवक घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक चलाते समय कोई भी हेलमेट नहीं पहना था। जिसकी वजह से इनके सिर में गंभीर चोटें आई। जो मौत का मुख्य वजह माना जा रहा। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के कर्मणी गांव निवासी अरविंद विश्वकर्मा (38) पुत्र चौथी रोडवेज विभाग में कंडेक्टर था। उसकी तैनाती मऊ जिले के दोहरीघाट डिपो में थी। रविवार की रात को अरविंद अपने साथ बाइक पर गांव के गणेश गोंड़ (30) को बैठाकर बाजार गोसाई के रहने वाले रिश्तेदार के यहां गए थे। वहां से लौटते समय बाइक अनियंत्रित होकर हरैया पुलिया के नीचे खाई में गिर गई। जिससे अरविंद और उनका दोस्त घायल हो गया। जब तक इन दोनों को अस्पताल ले जाया जाता कि अरविंद की मौत हो गई। जबकि गणेश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। वह दो बेटा और एक बेटी का पिता था। इसीक्रम में तहबरपुर थाने के हासापुर गांव निवासी मनोज (30) पुत्र स्व. रामचंदर शहर के एक होटल में काम करता था। रविवार की रात को दस बजे वह अपनी ड्यूटी से छूटने के बाद बाइक से घर जा रहा था। जैसे ही मुंडा गांव के पास पहुंचा कि अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई। मनोज दो बेटा और एक बेटी का पिता था।
रोडवेज बस पलटी, चार यात्री घायल
सठियांव। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सुराई गांव के सामने बलिया से आ रही रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। चोट लगने से चार यात्री घायल हो गए। जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आई। घायल स्थानीय स्तर पर इलाज कराकर घर चले गए।
घायलों में उषा देवी (40) पत्नी जगरनाथ, अंकित (20) पुत्र संतोष, करिश्मा (19) पत्नी संतोष का नाम शामिल है। यह लोग कहां के रहने वाले हैं। इसकी जानकारी नहीं हो सकी। यह रोडवेज की बस में बलिया से आजमगढ़ की ओर बैठकर जा रहे थे। सुराई गांव के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें यह चारो घायल हो गए। जबकि अन्य लोगों को बस का अगला और पिछला सीसा तोड़कर बाहर निकाला गया। घटना के समय बस में करीब एक दर्जन से अधिक यात्री शामिल थे।