अहरौला। थाना क्षेत्र के गहजी बाजार में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के सेल्समैन को सोमवार की रात ढाई बजे पैदल जा रहे दो बदमाशों ने तमंचा सटाकर दुकान से 95 हजार रुपये लूट ले गए। सेल्समैन लघुशंका करने के लिए दुकान से बाहर निकला था। घटना की सूचना मिलने पर रात को ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मुआयना की। मंगलवार की शाम तक थाने में तहरीरनहीं दी जा सकी थी। लोग दुकान के मालिक का इंतजार कर रहे थे।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के रहने वाले महेंद्र यादव की अहरौला थाना क्षेत्र के गहजी बाजार में अंग्रेजी शराब की दुकान है। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौडिय़ा जलालपुर गांव निवासी नितिष यादव उसकी दुकान पर सेल्समैन है। बीते एक सप्ताह से महेंद्र कहीं बाहर गए हुए हैं। इसलिए बिक्री की सारी रकम दुकान में नितिष के पास ही मौजूद रही। सोमवार की रात करीब ढाई बजे नितिष यादव दुकान खोलकर लघुशंका करने के लिए बाहर निकला। तभी उधर से पैदल जा रहे दो युवक नितिष के पास पहुंच गए और उसे तमंचा सटाकर दुकान के भीतर ले गए और दुकान से 95 हजार रुपये लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद नितिष ने 100 डायल कर पुलिस को सूचना दी। रात को पुलिस मौके पर पहुंचकर मुआयना की। मंगलवार की सुबह थानाध्यक्ष अहरौला मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। साथ ही तहरीर देने को कहा लेकिन दुकान मालिक महेंद्र यादव के बाहर रहने की वजह से तहरीर नहीं दी जा सकी थी । पुलिस तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है। सीओ बूढनपुर संतलाल यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। बहरहाल जैसी तहरीर मिलेगी। उसके तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।