आजमगढ़। बंजर जमीन कब्जा कर विद्यालय बनाने और फर्जी खतौनी पर इसकी मान्यता लेने के मामले में प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर के निर्देश के बाद मुख्य राजस्व अधिकारी ने डीआईओएस और बीएसए को पत्र लिखकर स्कूलों के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
सीआरओ ने 20 फरवरी तक मामले में रिपोर्ट तलब की है। सगड़ी तहसील के महाराजगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर में बंजर जमीन पर कब्जा कर दुर्गाजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की स्थापना की गई थी। मामले की शिकायत भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन के सदस्य अरुण कुमार सिंह ने जिलाधिकारी से की तो प्रबंधन की ओर से फर्जी खतौनी पेश कर दी गई। इसकी जानकारी होने पर मुख्य राजस्व अधिकारी से फर्जी खतौनी की शिकायत की गई। मुख्य राजस्व अधिकारी ने कमेटी बनाकर खतौनी की जांच कराई तो ये फर्जी निकली। वहीं, नवीन परती की जमीन पर कब्जा कर आदर्श हरिजन बाल विद्या मंदिर बना लिया गया था। दोनों ही मामलों में मुख्य राजस्व अधिकारी ने बंदोबस्त अधिकारी को प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर कराने के निर्देश दिए हैं। अब मुख्य राजस्व अधिकारी ने डीआईओएस और बीएसए को पत्र लिखकर मान्यता प्रत्याहरण के संबंध में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनसे 20 फरवरी तक मामले में रिपोर्ट तलब की है।