लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव में शनिवार की सुबह सांड़ के हमले से घायल हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत हो जाने से उसके तीन बच्चे अनाथ हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मृत महिला अनिता साहनी (36) पत्नी स्व. राजेश साहनी रौनापार थाना क्षेत्र के हैदराबाद गांव की रहने वाली थी। वह दो बेटा और एक बेटी की मां थी। परिवार चलाने के लिए गांव-गांव घूमकर सब्जी बेचने का काम करती थी। नित्य की भांति शनिवार की सुबह करीब दस बजे अनिता सब्जी बेचने के लिए पैदल गांव जा रही थी। तभी खेत में मौजूद सांड़ ने हमलाकर अनिता को घायल कर दिया। गांव के लोग उसे स्थानीय डाक्टर के यहां भर्ती कराए। जहां इलाज के दौरान दोपहर को उसकी मौत हो गई।
खेत में लाश मिलने से सनसनी
आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के हैबतपुर डूभाव गांव के सिवान में स्थित गेहूं के खेत में शनिवार की शाम युवक की अर्ध नग्न लाश मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। शव की पहचान कराने का प्रयास की। शिनाख्त न होने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। सीओ लालगंज संतोष सिंह ने बताया कि मरने वाले की उम्र 40 वर्ष के आसपास है। अनुमान लगाया जा रहा कि ठंड लगने से मौत हुई है। हालांकि सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाकर शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। ब्यूरो