आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के भदया गांव के पास 19 फरवरी की रात गोली मारकर की गई क्लिनिक संचालक ओमनाथ पांडेय की गुत्थी सुलझाने में पुलिस उलझी हुई है। अब तक की जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को कोई भी क्लू नहीं मिल पाया है, ना ही कारण की ही जानकारी हो सकी है। ऐसे में पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल के आसपास मौजूद मोबाइल नेटवर्कों को खुगाल रही है। पुलिस का यह मानना है कि जिसके मोबाइल का लोकेशन यहां मिलेगा। उसकी संलिप्तता हो सकती है।
मेंहनगर थाने के नई पलिया गांव निवासी ओमनाथ पांडेय की जहानागंज थाने के कादीपुर बाजार में होम्योपैथ की क्लिनिक थी। 19 फरवरी की देर शाम को वह अपनी क्लिनिक बंद कर घर जा रहे थे। भदया गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर ओमनाथ की हत्या कर दी। पुलिस जांच के मुताबिक बदमाश पहले तो ओमनाथ को पीछे से गोली मारे, लेकिन गोली बगल से होकर बाइक से शीशे में लग गई। इसके बाद बदमाश ओमनाथ के बगल से दूसरी गोली चलाए तो बाइक की टंकी पर जा लगी। इसके बाद बदमाश उन्हें रोक लिए और सामने से पेट में गोली मारकर फरार हो गए। गंभीर रुप से घायल ओमनाथ की मौत हो गई। एसपीसिटी कमलेश बहादुर के मुताबिक अब तक की जांच पड़ताल में हत्या की कोई वजह नहीं पता चल सका, ना ही उनकी किसी से कोई रंजिश ही थी। ऐसे में पुलिस घटना के समय घटनास्थल के पास मौजूद मोबाइल के नेटवर्कों का रिकार्ड खंगाल रही है। इसके जरिए हत्यारोपियों तक पहुंचने में कामयाबी मिलने की उम्मीद है।