आजमगढ़। एसपी रविशंकर छवि के निर्देश पर पुलिस अपराध पर पूरी तरह से लगाम लगाने की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत रविवार को जिले के 705 अपराधियों के घर जाकर उनकी पहचान की गई। साथ ही यह भी पता लगाया गया कि वर्तमान समय में वह क्या कर रहे हैं। जिनकी तस्दीक हुई है। उसमें हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के अलावा लूटेरे, नकबजनी और वाहन चोर गिरोह के सदस्य शामिल हैं। क्षेत्र में मौजूद अपराधियों को प्रतिदिन थाने पर हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया। जबकि फरार रहने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही टीम गठित की जाएगी।
रविवार को प्रत्येक थानों की पुलिस द्वारा चिन्हित अपराधियों की पहचान कराई गई। इस दौरान बुलाने पर कुल 583 हिस्ट्रीशीटर संबंधित थानाध्यक्ष के समक्ष उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराया। जबकि 137 हिस्ट्रीशटर घर से बाहर कहीं नौकरी आदि कर रहे। 16 की मौत हो चुकी और 50 जेल में निरुद्ध हैं। 38 हिस्ट्रीशीटर बदमाशों का अब तक कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने घर वालों से दो दिन के भीतर जानकारी उपलब्ध कराने का समय दिया है। इसीक्रम में बुलाने पर पांच वर्ष में चिन्हित कुल 53 लूटेरे थानाध्यक्ष के समक्ष हाजिर हुए। जबकि 73 घर से बाहर रह रहे हैं। 16 लूटेरे जेल की सलाखों में हैं। जबकि 11 लापता हैं। इसीक्रम में नकबजनी करने वाले 33 बदमाश संबंधित थाने में बुलाने पर हाजिर हुए। जबकि 51 बाहर और 11 जेल मेंब हैं। इसी तरह से वाहन सहित अन्य चोरी की घटना को अंजाम देने वाले 36 चोर बुलाने पर थाने पर हाजिर हुए। जबकि 39 चोर घर से बाहर हैं। 10 जेल के भीतर हैं और दो अभी लापता हैं। थाने पर उपस्थित होने वाले अपराधियों का संपूर्ण विवरण लेने के बाद पुलिस ने उन्हें प्रत्येक दिन थाने पर आकर हाजिरी लगाने का निर्देश दिया है। जो फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है।
फरार 51 अपराधियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
आजमगढ़। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को पता चला कि 36 हिस्ट्रीशीटर बदमाश, 11 लूटेरे और दो वाहन चोर गिरोह के सदस्य अभी भी फरार हैं। पुलिस इनके घर वालों को सख्त निर्देश दिया कि इन्हें जल्द से जल्द हाजिर करवा दिया जाए, अन्यथा पुलिस अपने स्तर से इनको गिरफ्तार करेगी। पुलिस के इस कार्रवाई से अपराधियों और उनके परिवारवालों में हडक़ंप मचा हुआ है। फरार इन बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही अलग से पुलिस की टीम गठित की जाएगी।
देर रात तक चलती रही कार्रवाई
आजमगढ़। एसपी के निर्देश पर सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के चिन्हित अपराधियों का लोकेशन लेने के लिए उन्हें थाने पर बुलाया गया। थाना प्रभारी सभी अपराधियों से उनके विषय में विधिवत जानकारी ली। जिसमें उनका फोटो, मोबाइल नंबर, क्या काम कर रहे हैं आदि संपूर्ण जानकारी शामिल है। पूछताछ के बाद थानाध्यक्ष ने इन्हें सख्त निर्देश दिया कि अब से वे प्रत्येक दिन थाने पर आकर हाजिरी लगाएंगे। यदि उन्हें कहीं बाहर जाना है तो इसकी सूचना थाने पर देने के बाद ही जाएंगे। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ज्यादातर पुराने बदमाशों के इशारे पर ही नए बदमाश घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे में पुलिस हिस्ट्रीशीटर और बीते पांच वर्ष में चिन्हित किए गए लूटेरों सहित अन्य का लोकेशन ले रही है। अब तक चली कार्रवाई में पता चला है कि 51 बदमाश फरार हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की जाएगी। - रविशंकर छवि, एसपी