प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने पर मंडल के राजकीय विद्यालयों के 23 महिला और पांच पुरुष शिक्षकों को शुक्रवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक ने सेवा समाप्ति का नोटिस जारी कर दिया। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षकों को इनके खिलाफ केस दर्ज करा कर कार्रवाई करने निर्देश भी दिया। इससे पहले 23 अगस्त को 13 शिक्षकों को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया था।
राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक पद के लिए 2015 में आवेदन निकाला गया था। काउंसलिंग के बाद आजमगढ़ मंडल के 201 महिला और 88 पुरुष, कुल 289 अभ्यर्थियों को सितंबर 2015 में नियुक्ति पत्र जारी किया गया था। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षक बिना वेतन के ही कार्य कर रहे हैं। संयुक्त शिक्षा निदेशक रामचेत अंकपत्रों की जांच कर रहे हैं। प्रमाणपत्र फर्जी मिलने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने शुक्रवार को पांच पुरुष शिक्षकों और 23 महिला शिक्षकों की सेवा समाप्त कर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश मंडल के समस्त जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिया। इससे पहले 23 अगस्त को 13 शिक्षकों की सेवा समाप्त की गई थी। सतीश चौहान ने त्यागपत्र दे दिया था।
अब तक 41 शिक्षक फर्जी कागजात के सहारे ड्यूटी करते पाए गए हैं। सभी की सेवा समाप्त कर उन पर केस दर्ज कराने का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिया गया है। एक शिक्षक पहले ही त्याग पत्र दे चुका है। अभी जांच चल रही है। - रामचेत, संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ मंडल
इन शिक्षकों पर हुई कार्रवाई : दिव्य प्रताप सिंह राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सोनाडीह बलिया, जिगार अहमद (कोथ बलिया), दीनानाथ बर्नवाल (बछईपुर बलिया), पुष्पक मणि तिवारी (शाहपुर अफमा बलिया), संजीव कुमार सिंह (सुल्तानीपुर मऊ), सौरभ सिंह (भूपतपुर सुनही मऊ), श्वेता राय (बेलवां मऊ), अनीता सिंह (सहरोज मऊ), विभा राय (अजमतगढ़ आजमगढ़), पूनम सिंह (इटैली आजमगढ़), अंशु सिंह (नगरा बलिया), शशिप्रभा (रसड़ा बलिया), मंशा उपाध्याय (सहरोज मऊ), अंजू यादव (जुड़वनपुर बलिया), रेखा सिंह (कनैला आजमगढ़), मनोरमा गुप्ता (केवटा बलिया), दीपारानी (अजमतगढ़, आजमगढ़), ऊषा देवी (बड़रांव मऊ), सिंपल सिंह (अइलख रतनपुरा बलिया), मंजू यादव (कटघर लालगंज आजमगढ़), निवेदिता सिंह (बरवां लालगंज आजमगढ़), पुष्पा आर्य (जूड़नपुर बलिया), नीलम यादव (बलिया), सपना सिंह (कनैला आजमगढ़), सुनीता सिंह (लालगंज आजमगढ़), सरिता यादव (केवटा बलिया), मीरा यादव (रसड़ा बलिया), बबिता निषाद (षरुआंव नगरा बलिया)।