लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के चिलबिली दान चिलबिली गांव के सिवान में गन्ने के खेत में हत्याकर फेंकी मिली युवती की पहचान घटना के चार दिन बाद शनिवार को थाने पहुंचे उसके मां-बाप ने की। युवती का नाम सपना चंद सिंह (22) पुत्री हरेंद्र सिंह था। वह गोरखपुर जिले के गगहा थाने के पोखरी गांव की रहने वाली थी। मां-बाप ने हत्या के लिए अपने पट्टीदारों सहित तीन लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए तहरीर दी। हालांकि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक जांच के दौरान पता चला कि युवती घटना से एक दिन पूर्व रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी बाजार में देखी गई थी। वह एक युवक की बाइक पर बैठकर कहीं जा रही थी। उन्होंने कहा कि शिनाख्त हो चुकी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कारण का भी पता लगा लिया जाएगा। बता दें कि छह नवंबर की सुबह रौनापार थाने के चिलबिली दान चिलबिली गांव में स्थित गन्ने के खेत में हत्याकर युवती की लाश फेंकी मिली थी। धारदार हथियारों से गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस मौके से एक चाकू भी बरामद की थी। एसपी रविशंकर छवि ने खुलासा के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया था। एसओ रौनापार गिरिजेश सिंह ने युवती का फोटो नौ नवंबर को गोरखपुर जिले के सहजना थाने की पुलिस को दिया। थाने पर तैनात एक सिपाही ने फोटो देखते ही उसे पहचान लिया और युवती के घर वालों को इसकी सूचना दी। बेटी की लाश मिलने की सूचना पर शनिवार को सपना के मां-बाप रौनापार थाने पहुंचे और शव की पहचान की। सपना के घरवालों के मुताबिक, वह पांच नवंबर को घर से निकली थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। घरवालों ने सपना की हत्या के लिए क्षेत्र के एक लेखपाल के अलावा अपने पट्टीदारी के दो युवकों को आरोपित करते हुए थाने में तहरीर दी। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही।