शहर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की शाम घंटा घर चौराहे से बगैर नंबर की बोलेरो में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर इनके पास से 23 हजार रुपये, विभिन्न बैंकों के छह एटीएम कार्ड आदि बरामद की है। इन सभी ने बताया कि गाड़ी से घूमकर यह लोग लोगों को अपना निशाना बनाकर देखने के बहाने उनका कार्ड लेकर बदल देते हैं। बाद में उसके खाते से रुपये निकाल लेते हैं। इस प्रकार की एक दो नहीं बल्कि कई घटनाओं को अब तक अंजाम दे चुके हैं।
सीओ सिटी सच्चिदानंद ने अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह पुत्र सहाय, अंगद यादव पुत्र रामनरायण, और विजय प्रताप यादव पुत्र राम अचल का नाम शामिल है। यह लोग बरदह थाना क्षेत्र के नर्वे गांव के निवासी हैं। सीओ ने बताया कि खुलासे के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था। शुक्रवार की शाम शहर कोतवाल योगेंद्र बहादुर सिंह अपनी टीम के साथ घंटा घर चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बगैर नंबर की बोलेरो में सवार तीन लोगों को देख पुलिस ने उन्हें रोका और हिरासत में लेकर थाने चले गए। पूछताछ के दौरान इन तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इनके मुताबिक बोलेरो से घूमकर शिकार खोजते और उसका कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकालने काम करते हैं। तलाशी लेने पर इसके पास से 23 हजार रुपये और विभिन्न बैंक के छह एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं। सीओ ने बताया कि बोलेरो सीज कर आरोपियों का चालान कर दिया गया। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम और पते की जानकारी हुई है। उनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।