बिंद्राबाजार/ठेकमा। आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित गंभीरपुर बाजार में रविवार की शाम बेकाबू ट्रक दाहिने तरफ स्थित पान की गुमटी को रौंदते हुए दूकान में घुस गया। इस घटना में पान विक्रेता की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। दूकान में रखा सामान भी नष्ट हो गया। बाजार के लोग ट्रक चालक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मृत दूकानदार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। ट्रक को अपने कब्जे में लेकर सड़क से दूर खड़ा करवा दिया।
गंभीरपुर बाजार निवासी राजेश गुप्ता (32) पुत्र चतुरी की गंभीरपुर बाजार में मार्टीनगंज मोड़ पर गुमटी रूपी पान की दूकान थी। रविवार की शाम राजेश अपने पिता चतुरी को घर भेज दिया और स्वयं दूकान पर बैठकर सामान देने लगा। उसके दूकान पर मुबारकपुर कस्बा निवासी गुड्डू (28) पुत्र गुलाब सहित तीन अन्य लोग खड़े होकर पान खा रहे थे। इसीबीच जौनपुर की तरफ से आ रहा ट्रक राजेश की गुमटी को रौंदते हुए मनीष गुप्ता के जनरल स्टोर, राजेश पुत्र शिवपूजन के मकान और विजय गुप्ता के बाइक को क्षतिग्रस्त करते हुए खड़ा हो गया। हादसे में पान विक्रेता राजेश गुप्ता, गुड्डू सहित तीन लोग घायल हो गए। लोग जब तक घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि राजेश गुप्ता की मौत हो गई। जबकि गुड्डूू सहित अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायलों के नाम की जानकारी नहीं हो सकी।
0000
पत्नी ने रखा था सदा सुहागन का व्रत
बिंद्राबाजार (ब्यूरो)। गंभीरपुर बाजार निवासी राजेश गुप्ता रविवार की दोपहर घर में सोया हुआ था। शाम को उठा और दूकान पर बैठे अपने पिता चतुरी को घर भेजकर स्वयं बैठ गया। राजेश के दूकान संभालने के पांच मिनट के भीतर ही यह हादसा हो गया। चार भाइयों में तीसरे नंबर का राजेश तीन बेटियों का पिता था। उसकी पत्नी अनिता गुप्ता रविवार को सदा सुहागिन होने के लिए करवा चौथ का व्रत रखी थी। पति की मौत के बाद पत्नी ने बिलखते हुए कहा कि अब किसके सहारे वह अपनी बेटियों की नैया पार लगाएगी। अनीता की चीखपुकार सुनकर मौजूद हर किसी का कलेजा द्रवित हो गया।