आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम सात बजे किशोरी से छेडख़ानी करने वाले युवक गुड्डू मुसहर की मौत के बाद मंगलवार को पुलिस ने उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। साथ ही सूचना देकर गुड्डू के घर वालों को बुलवा ली। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर गुड्डू के घर वालों की मौजूदगी में भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों ने उसका अंतिम संस्कार किया। उधर घटना के बाद गुड्डू के साथ मौजूद युवक की पहचान के लिए पुलिस मुखबिरों का सहारा ले रही है। हालांकि बुधवार की शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी थी।
गुड्डू मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के रायपुर गांव का निवासी था। वह सोमवार की शाम अपने मित्र के साथ बाइक पर बैठकर कहीं जा रहा था। तरवां थाना क्षेत्र के जमुआं गांव के पास सड़क के किनारे पैदल एक महिला अपनी बेटी के साथ जा रही थी। गुड्डू बेटी से छेडख़ानी करते हुए उसे जबरन बाइक पर बैठाकर फरार हो गया। मां की चीख सुनकर गांव के लोगों ने गुड्डू को पकड़ लिया। उसका साथी फरार हो गया। भीड़ ने गुड्डू का पीट पीटकर मार डाला। पुलिस ने गुड्डू की लाश को उसकी पत्नी और चाचा को सौंप दी। घर वालों की आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर पुलिस ने सामाजिक संगठन भारत रक्षा दल के पदाधिकारियों को बुलाकर गुड्डू का अंतिम संस्कार करवाई। एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि गुड्डू के घर वालों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मुखबिरों के जरिए गुड्डू के साथी की तलाश में जुटी हुई है।