आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के ऊंचे गांव के पास शनिवार की सुबह एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने लेखपाल की बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया तथा मोबाइल छीनकर भाग निकले। पीड़ित लेखपाल द्वारा दी गई तहरीर को पुलिस ने लेने से इंकार कर दिया। सीओ लालगंज संतोष सिंह ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें नहीं है। तहरीर मिलने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक लेखपाल थाने में डटा रहा।
पीड़ित राजकुमार सिंह उर्फ गोकुल मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव का निवासी है। वह फूलपुर तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात है। शनिवार की सुबह राजकुमार बाइक से फूलपुर तहसील जा रहा था। जैसे ही वह देवगांव कोतवाली के ऊंचे गांव के पास पहुंचा कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पीछे से राजकुमार की बाइक में लात मारकर उसे गिरा दिया। सड़क पर गिरने से जहां राजकुमार घायल हो गया। वहीं उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। लेखपाल के गिरते ही बदमाश उसके पास मौजूद बैग छीनने लगे। घायल राजकुमार ने विरोध किया तो उसे पीटे और मोबाइल लेकर फरार हो गए।