सठियांव। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अवांव गांव के पास गुरुवार की रात दस बजे घात लगाए बदमाशों ने बाइक सवार युवक को गोली मार दिया। पैर और पेट में गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन उसका शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घायल युवक विशाल ठठेर (22) पुत्र स्व. रामजनम मुबारकपुर थाना क्षेत्र के असोना गांव का निवासी है। उसका एक मकान सठियांव बाजार में भी है। वह गांव-गांव घूमकर बर्तन बेचने का काम करता है। गुरुवार की रात विशाल मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अन्नूपार गांव निवासी अपने मित्र के घर दावत में गया हुआ था। दोस्त के यहां से भोजन करने के बाद रात करीब दस बजे वह अपने घर लौट रहा था। जैसे ही अवांव गांव के पास पहुंचा कि घात लगाए बदमाशों ने विशाल को गोली मार दी। गोली विशाल के दाहिने पैर और पेट में लगी। वह घायल होकर जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे सठियांव बाजार स्थित घर पहुंचा दिया। सूचना पर रात को पुलिस ने विशाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन परिवार के लोग उसका शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।