निजामाबाद। थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी दो लोगों के घर में गुरुवार की रात छत के रास्ते भीतर घुसे चोर 22 हजार रुपये नगदी सहित आठ लाख रुपये मूल्य का आभूषण चुरा लिया। दोनों ही घरों में छत के रास्ते भीतर घुसे थे चोर। शुक्रवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी।
पीड़ितों में एक मो. सउद खान तो दूसरे मोतीउर्रहमान हैं। यह दोनों निजामाबाद थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव के निवासी हैं। गुरुवार की रात इनका परिवार अपने-अपने कमरे में सोया हुआ था। रात को सुनसान माहौल पाकर चोर छत के रास्ते मो. सउद खान के घर में घुसे। अंदर कमरों को खंगालते हुए अटैची, बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखा 12 हजार रुपये नगदी सहित करीब सात लाख रुपये मूल्य का आभूषण चुरा लिया। इसीक्रम में चोर मोतीउर्रहमान के घर में छत के रास्ते भीतर घुसे और अंदर से दस हजार रुपये नगदी सहित करीब एक लाख रुपये मूल्य का सामान चुरा लिया। शुक्रवार की सुबह पीड़ितों को घटना की जानकारी हुई तो दोनों चोरी गए सामानों का मिलान कर थाने में तहरीर दी। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दे दी गई है। अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही।