अहरौला। थाना क्षेत्र के मडना बाजार में स्थित हरीश चंद्र अग्रहरी के किराने की दुकान में बुधवार देररात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से 96 हजार रुपये नगदी सहित करीब दस लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। फायर ब्रिगेड के जवानों ने स्थानीय व्यापारियों की मदद से करीब तीन घंटे की अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
अहरौला बाजार निवासी हरीश चंद्र अग्रहरी की अहरौला थाना क्षेत्र के मडना बाजार में किराने के थोक सामानों की दुकान है। बुधवार रात करीब 11.30 बजे वह पूजा-पाठ के बाद अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। इस दौरान दुकान के बाहर कुछ बच्चे पटाखा फोड़ रहे थे। इन्हें हरीश ने ताकीद किया। घर जाने के करीब दो घंटे बाद मड़ना बाजार से किसी दुकानदार ने हरीश के यहां फोन किया। बताया कि दुकान में आग लगी है। घटना की जानकारी होने पर हरीश और उनका परिवार भागकर मौके पर पहुंचा। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड बूढनपुर के लोग भी पहुंच गए। अग्निशमन दल विभाग के लोग बाजार वासियों की मदद से करीब तीन घंटे के अथक प्रयास के बाग आग की इस घटना पर काबू पाए। इस दौरान भीतर रखा गया 96 हजार रुपये नगद और करीब नौ लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया।