शासन के निर्देश पर सगड़ी तहसील में अवैध निर्माण हटाने के लिए गठित की गई राजस्व विभाग की टीम के सदस्यों ने सोमवार को क्षेत्र के दस से अधिक गांव में हुए अतिक्रमण को हटवा दिया। तहसील प्रशासन के इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा हुआ था। आलम यह रहा कि गांव के अन्य कब्जेदारों ने स्वयं ही अपना कब्जा हटा लिया।
शिकायत थी कि क्षेत्र सिरही, गाढ़ा, अहंकारीपुर आदि गांव में घुरगड्ढा, खलिहान, ग्राम समाज, सरकारी नाली, नाला आदि पर गांव के दबंगों का कब्जा है। सार्वजनिक स्थल पर लोगों का कब्जा होने की वजह से गांव के अन्य लोगों को काफी परेशानी हो रही है। गांव वालों ने इसकी शिकायत एसडीएम सगड़ी रवि रंजन से की थी। एसडीएम ने टीम गठित कर कब्जा खाली कराने का निर्देश दिया था। इसक्रम में सोमवार को गठित टीम तहसीलदार सगड़ी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम गांव में पहुंची और कब्जा हटवा दिया। प्रशासन के इस कार्रवाई का परिणाम रहा कि गांव के अन्य कब्जेदार अपने-अपने कब्जे स्वयं ही हटा लिया।