जहानागंज। थाना क्षेत्र के बरहतीर जगदीशपुर गांव निवासी एक महिला अपने पांच बच्चों और जेवरात के साथ लापता है। परिवार के लोगों ने थाने में तहरीर दी, पर पुलिस कार्रवाई की बजाय मौन साध गई। पुलिस की निष्क्रियता का परिणाम रहा कि 18 नवंबर को एक बदमाश ने महिला के ससुर के मोबाइल पर फोन कर पांच लाख देने पर महिला का पता बताने की बात कही है। इसके बाद भी ससुर ने तहरीर दी पर पुलिस अभी भी नहीं सक्रिय हुई।
पीड़ित सुलेमन चंद चौहान जहानागंज थाना क्षेत्र के बरहतीर जगदीशपुर गांव का निवासी है। सुलेमन का बेटा संजय चौहान विदेश में रहता है। उसकी पत्नी पांच बच्चों के साथ ससुर के साथ रह रही थी। सुलेमन के मुताबिक 31 अक्तूबर की रात उसकी बहू मंजू देवी अपने पांच बच्चों के साथ कहीं लापता हो गई। साथ ही वह अपने जेवरात भी ले गई है। मंजू के गायब होने के दूसरे दिन एक नवंबर को ससुर ने थाने में तहरीर दी।
पुलिस कार्रवाई की बजाय मौन साध गई। परिवार के लोग अभी मंजू और उसके बच्चों की तलाश में जुटे ही थे कि 18 नवंबर को सुलेमन के मोबाइल पर एक फोन आया और फोन करने वाले ने कहा कि पांच लाख रुपये दो तो तुम्हारी बहु और पोतों के विषय में जानकारी दूंगा। सुलेमन चंद ने जहानागंज थाने में तहरीर दी। पर पुलिस अभी भी चुप है। सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। एसओ जहानागंज से मामले में रिपोर्ट मांगी गई है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।