आजमगढ़/सगड़ी। अजमतगढ़ विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय छिड़ी जमीन छिड़ी पर तैनात शिक्षिका को सोमवार को बीएसए ने निलंबित कर दिया। शिक्षिका पर बच्चों को डंडे से पीटने का आरोप था। खंड शिक्षाधिकारी अजमतगढ़ दीनानाथ साहनी की जांच में आरोप की पुष्टि होने पर बीएसए ने शिक्षिका के खिलाफ यह कार्रवाई की।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय छिड़ी जमीन छिड़ी पर पढने वाले बच्चो की 9 मार्च को शिक्षिका सरिता यादव ने पिटाई किया था। शिक्षिका की पिटाई से एक बच्चे को जहां गंभीर चोट आयी थी तो वहीं अन्य कई बच्चे चोटिल हुए थे। इसकी शिकायत ग्रामीणों व परिजनों ने बीएसए से की थी। बीएसए ने शिकायत पर खंड शिक्षाधिकारी अजमतगढ़ दीनानाथ साहनी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। सोमवार को खंड शिक्षाधिकारी विद्यालय पर पहुंचे तो जांच में आरोप सही मिले। खंड शिक्षाधिकारी ने अपनी जांच आख्या बीएसए को प्रस्तुत कर दी। जिसके आधार पर बीएसए ने शिक्षिका सरिता यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उन्हें खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय से संबंध कर दिया। इसके साथ ही उन्हें खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय पर नियमित उपस्थित भी दर्ज कराने का निर्देश दिया है। इतना ही नहीं बीएसए ने प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षाधिकारी बिलरियागंज को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 15 दिनों के अंदर विस्तृत जांच रिपोर्ट आरोप पत्र के साथ प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।