मेंहनगर। बाबू की खजुरी गांव निवासी किसान की जमीन पर किसी और नाम चढ़ गया है। उसकी जमीन पर लोन भी निकाल लिया गया है। किसान जमीन के कागजात दुरुस्त कराने के लिए अब अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर है। शिकायत मिलने पर एसडीएम ने जांच की बात कही है।
बाबू की खजुरी गांव के किसान रामबचन पुत्र सलगु आराजी नंबर 49, 664 का संक्रमणीय भूमिधर है। उक्त भूमिधरी पर गांव के ही राजेन्द्र और अंजनी पुत्रगण मोहन का नाम अंकित हो गया है। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी और एसडीएम मेंहनगर को दिया है। बताया कि मेरे आराजी पर गांव के उक्त लोगों का नाम अंकित होने से मेरी जमीन पर पंजाब नेशनल बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड निर्गत करा लोन भी ले लिया गया है। पीड़ित तहसील से लेकर बैंक का चक्कर लगा रहा है। एसडीएम दुष्यंत कुमार मौर्य ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच के बाद आरोप सही पाए गए तो किसान के कागजात दुरुस्त कराए जाएंगे। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।