बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर श्रीरामगंज बाजार के पास से एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार की है। उसके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है कि बाइक किसकी है और बदमाश के पास कहां से आई।
प्रभारी निरीक्षक गंभीरपुर प्रदीप चौधरी के मुताबिक गिरफ्तार बदमाश इसहाक पुत्र शब्बीर है। वह निजामाबाद थाने के कुजियारी गांव का निवासी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस शुक्रवार की दोपहर श्रीरामगंज बाजार के पास वाहन चेकिंग के दौरान इसहाक को गिरफ्तार की। उसके पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। बाइक के विषय में पता किया जा रहा कि बाइक किसकी है। पुलिस इसहाक को शातिर अपराधी बता रही है।
बता दें कि सात नवंबर की रात भारी संख्या में पुलिस टीम कुजियारी गांव में छापेमारी कर इसहाक सहित चार लोगों को हिरासत में ली थी। इसमें से तीन को छोड़ दिया गया था, जबकि इसहाक उनके कब्जे में रहा। उस समय पुलिस का कहना था कि छाऊ गांव से मिले इनपुट के आधार पर इन्हें उठाया गया था। ऐसे में शुक्रवार को गंभीरपुर पुलिस की तरफ से इसहाक की की गई गिरफ्तारी वाली बात हजम नहीं हो रही।