आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बद्दोपुर पुल के पास 28 जुलाई को बाजबहादुर मुहल्ला की आलविया (20) की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान हत्यारोपी ने उसकी मां को भी धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। इस मामले में मृतका के पिता ने मऊ जिले के घोषी के वसीम को नामजद किया था। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में षड्यंत्र रचने वाले को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
एसपी सिटी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की तो पता चला की हत्या के आरोप में नामजद वसीम ने अपने भाई अलीम के आपराधिक षड्यंत्र के तहत ही आलविया की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वसीम के साथ ही उसके भाई अलीम का भी नाम शामिल कर लिया और दोनों की तलाश में जुट गई। शहर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार को हत्या का षड्यंत्र रचने वाले अलीम को मुकेरीगंज मुहल्ले से गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी वसीम अभी फरार चल रहा है। जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम जुटी हुई है।