जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक रविवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकारी जिलाध्यक्ष रमेश राजभर की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान विधानसभा चुनाव के अप्रत्याशित परिणामों पर विचार किया गया। साथ ही जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष रमेश राजभर ने कहा कि कांग्रेस ने लगातार सबकी सेवा सहायता की। जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में हमेशा पीड़ितों की लड़ाई लड़ कर उन्हें न्याय दिलाने का काम किया। आंदोलन के दौरान हमारे अध्यक्ष सहित कई नेताओं पर गंभीर धाराओं मे मुकदमे दर्ज हुए लेकिन हमने घुटने नहीं टेके। शायद हमारी कुछ कमियां रहीं जिसके कारण जिले के मतदाताओं ने हमारे सेवा और संघर्षों को स्वीकार नहीं किया। हम जनादेश को सहर्ष स्वीकार करते हैं। हमारी नेता प्रियंका गांधी का जो भी दिशा निर्देश होगा आजमगढ़ कांग्रेस सामूहिक रूप से सहर्ष स्वीकार करेगी। हम नये उत्साह के साथ पुन: जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करेंगे। इस मौके पर ओंकार पांडेय, बेलाल अहमद, मनोज कुमार सिंह, पूर्णमासी प्रजापति, डॉ.रमेश चंद्र शर्मा, अजीत राय, जगदंबिका चतुर्वेदी रहे।