आजमगढ़। सरकार ग्रामीण स्तर पर स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं के विस्तार की कवायद पर में जुटी है। इसी के तहत जिले में स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को पुनर्जीवित करने की कवायद जोरशोर से चल रही है। जिले में कुल 493 स्वास्थ्य उपकेंद्र है, जिसमें 136 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित है। 40 अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के रुप में तब्दील कर दिया गया है और यहां भी नि:शुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रकी है।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि 2021 के अंत तक जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर शहरी व ग्रामीण जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो, इसकी कवायद में सरकारी महकमा जुटा हुआ है। इन सेंटरों पर कम्यूनिटी हेल्थ आफिसरों की कमी है। जिसके चलते वर्तमान में कुछ सेंटर ठीक ढंग से संचालित नहीं हो पा रहे है। डीसीपीएम विपिन पाठक ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 70 नए कम्यूनिटी हेल्थ आफिसर (सीएचओ) की नियुक्ति हुई है। इन सभी की ड्यूटी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर लगाई जा रही है। ताकि इन सेंटरों पर पहुंचने वाले मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।