एसीपी लाभ, पीएफ खाता खोलने, मृतक आश्रितों की नियुक्ति आदि की मांग को लेकर नगरपालिका के सफाई कर्मियों ने सोमवार को नगरपालिका परिषद कार्यालय में धरना दिया। मांगें पूरी न होने की दशा में कर्मचारियों ने चार जून से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
कर्मचारियों का कहना था कि स्वायत्त कर्मचारी महासंघ की मांग के बाद भी कर्मचारियों के एसीपी लाभ का संपूर्ण रूप से भुगतान नहीं किया गया। भारतीय स्टेट बैंक में पीएफ खाता खोलने की मांग की गई थी जो अभी तक पूरी नहीं की गई। बार-बार मांग के बावजूद भी मृतक आश्रितों की नियुक्ति नहीं की गई है।
कर्मचारियों का वेतन माह के प्रथम सप्ताह में देने की मांग पर भी विचार नहीं किया गया। इसके अलावा अन्य भी कई मांगें हैं। इसे नगरपालिका प्रशासन ने अनदेखा किया है। इस कारण धरना देने को मजबूर होना पड़ा। मांगों को पूरा नहीं किया गया तो चार जून से सफाई व्यवस्था ठप कर हड़ताल पर चले जाएंगे। इस मौके पर स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष धनंजय सिंह सहित अन्य सफाई कर्मी उपस्थित थे।