आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के सारैन गांव निवासी सर्वेश, सरायमीर थाना क्षेत्र के कौरागहनी गांव निवासी संदीप, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भोरमऊ निवासी श्यामबली व पवई थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी राममिलन ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ितों ने एसपी ग्रामीण चिराग जैन से मिलकर बताया कि पवई थाना क्षेत्र के कुकुड़ीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने रोजगार दिलाने के नाम पर प्रत्येक से 75-75 हजार रुपये लिए। इसके बाद सभी को दिल्ली भेजा गया लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें वापस कर दिया गया। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में ले लिया गया है। पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की जाएगी। आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।