सातवें वेतन संशोधन की मांग को लेकर ऑल यूनियन एंड एसोसिएशन ऑफ बीएसएनएल के आह्वान पर बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन ने बृहस्पतिवार को सी-डाट परिसर में लंच के दौरान सांकेतिक धरना दिया।
कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन को तत्काल लागू करने और वेतन समझौते की फाइल पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। धरने की अध्यक्षता हरदरश राय ने की।
यूनियन के सहायक महासचिव आनंद कुमार सिंह ने कहा कि अफोर्डेबिलिटी क्लॉज में आवश्यक संशोधन नहीं होने से कर्मचारियों को उनका न्यायोचित अधिकार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बीएसएनएल के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। रामफेर राम ने कहा कि बीएसएनएल डिजिटल इंडिया, स्वदेशी 4जी-5जी और भारत उद्यमी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रहा है, इसके बावजूद कर्मचारियों के सातवें वेतन संशोधन की मांग लंबित है।
अन्य वक्ताओं ने लंबित वेतन समझौते को मंजूरी देने और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बंद करने की मांग की। अखिल भारतीय बीएसएनएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने भी धरने को समर्थन दिया।
इस दौरान अभिनव द्विवेदी, सुनील चौहान, लालसा यादव, गुलाब राय, कामता प्रसाद, रवि प्रकाश, कमलेश यादव समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।