अतरौलिया थाना क्षेत्र के रतुआपार गांव में मृतका के घर तैनात पुलिस। संवाद
अतरौलिया। थाना क्षेत्र के रतुआपार गांव में संतान न होने को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और उसके भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए अतरौलिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमीन हरखोरी धनछुला गांव निवासी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि उनकी बहन सिम्पी सिंह (36) की शादी 14 वर्ष पूर्व अतरौलिया थाना क्षेत्र के रतुआपार गांव निवासी पंकज सिंह के साथ हुई थी। संतान न होने से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते पति पंकज सिंह ने अपने भाई विनय सिंह और मां के साथ मिलकर सिम्पी की हत्या कर दी।
बताया गया कि बृहस्पतिवार की रात सिम्पी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद ससुराल पक्ष सुबह ही जल्दबाजी में दाह संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी बीच सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंच गया और पुलिस को सूचना दी। भाई ने बताया कि बहन की शरीर व पेट पर कई जगह चोट के निशान थे, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि सिम्पी रात में हैंडपंप पर पानी लेने गई थी, जहां गिरने से सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मृतका के पिता सूर्य प्रकाश सिंह की तहरीर पर पति पंकज सिंह, देवर विनय सिंह और सास के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।