ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों पर काश्तकारों राहत राशि देने समेत चार सूत्री मांगों को लेकर महुला के ग्रामीणों ने मंगलवार को दोपहर 12 बजे सगड़ी तहसील गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग को भी जाम कर दिया। गेट पर पहुंचे एसडीएम सगड़ी ने ग्रामीणों की बातों को सुनकर मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। सवा घंटे जाम के कारण मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
महुला के ग्रामीण मंगलवार को चार सूूत्री मांगों को लेकर सगड़ी तहसील पहुुंचे और गेट के बाहर आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि ओलावृष्टि में किसानों की फसल बर्बाद हो गई थी। सरकार की तरफ मुआवजे की राशि आई भी, लेकिन किसानों को नहीं मिली। ग्रामीणों ने सहायता राशि जल्द उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का कोटेदार राशन वितरण में मनमानी करता है। इसके अलावा पात्रों का पात्र गृहस्थी कार्ड जल्द बनाने की भी मांग की गई।
इस दौरान ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की। दोपहर बारह से सवा एक बजे तक चले जाम को समाप्त कराने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में पहुंचे उपजिलाधिकारी सगड़ी हिमांशु कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों की मांगों को सुना और जल्द पूरा कराने की बात कही। इसके बाद ग्रामीण माने। इस दौरान राकेश गुप्ता, विमला, संजू, सरस्वती, दुलारी, बदामी, गुड्डी, पूजा आदि रहीं।