शहर कोतवाली के बवाली मोड़ के पास रविवार को दिन दहाड़े तीन से चार की संख्या में बदमाशों ने एक युवक का सिर ईंट से फोड़ कर उसके पास मौजूद डेढ़ लाख रुपये व सोने की चेन लूटी और फरार हो गए। राहगीरों की मदद से घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिधारी थाना क्षेत्र के बेलनाडीह गांव निवासी राधेश्याम 32 रविवार को दिन में लगभग साढ़े ग्यारह बजे डेढ़ लाख रुपये लेकर किसी काम से शहर कोतवाली के रोडवेज क्षेत्र में आया था। वह बवाली मोड़ पर ही पहुंचा था कि तीन से चार की संख्या में लोगों ने हाथ देकर उसे रोक लिया। वह कुछ समझ पाता कि इसके पूर्व ही एक युवक ने उसके सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। इससे वह लहुलूहान हो गया। इसके बाद उसके पास मौजूद डेढ़ लाख रुपये व गले में पहना हुआ सोने का चेन छीन कर बदमाश फरार हो गए। स्थानीय लोगो की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया।