साइबर थाना पुलिस ने मंगलवार को लोगों के क्रेडिट कार्ड से लाखों रुपये उड़ाने वाले एक बैंककर्मी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी एसबीआई की लालगंज शाखा के क्रेडिट कार्ड सेल में कार्यरत है। पूछताछ के बाद उसका बुधवार को चालान कर दिया गया। पुलिस की इस गिरफ्तारी ने साइबर अपराध में बैंककर्मियों की संलिप्तता की भी पुष्टि कर दी है।
इंस्पेक्टर साइबर थाना विमल प्रकाश राय ने बताया कि नौ मई को देवगांव कोतवाली के बड़ागांव निवासी वीरेंद्र कुमार चौहान ने शिकायत दर्ज कराया कि उसके एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 1.10 लाख रुपये निकाल लिए गए है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इसमें रौरान रानी की सराय थाना के टेंगरपुर निवासी राहुल श्रीवास्तव पुत्र स्व. शोभनाथ का नाम प्रकाश में आया। मंगलवार को साइबर थाना पुलिस ने राहुल को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह एसबीआई लालगंज शाखा के क्रेडिट कार्ड सेक्शन में विगत दो साल से काम कर रहा था। जो लोग बैंक से क्रेडिट कार्ड लेते थे, उनका रिकार्ड उसके पास सुरक्षित था। इसके जरिए वह संबंधित क्रेडिट कार्ड धारक को फोन कर क्रेडिट कार्ड लिमिट या केवाईसी के नाम पर ओटीपी प्राप्त कर लेता था और इसके बाद ई वॉलेट के माध्यम से पैसा विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर निकाल लेता था। पुलिस ने बुधवार को उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राहुल के खाते की जांच की जा रही है। इसके बाद स्पष्ट हो सकेगा कि उसने अब तक कितने लोगों के साथ फ्रॉड किया है।