मुख्तार अंसारी के शूटर अनुज कन्नौजिया का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उस पर कुल 19 मुकदमे मऊ व गाजीपुर जिले में दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर गौर करें तो अनुज पर मऊ जिले के कोतवाली थाने में सर्वाधिक छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रानीपुर में पांच, दक्षिण टोला थाने में दो व चिरैयाकोट कोतवाली में तीन मामले दर्ज हैं। तीन मुकदमे गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाने में भी दर्ज हैं। अनुज कन्नौजिया की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही है। उस पर 50 हजार का इनाम भी रखा गया है।
माफिया मुख्तार पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। आजमगढ़ जिले में दर्ज गैंगेस्टर के तहत माफिया मुख्तार की संपत्तियों को चिन्हित किया जा रहा है। लखनऊ में मुख्तार की एक संपत्ति को चिन्हित किया गया है। जिसे कुर्क करने के लिए एसपी आजमगढ़ ने जिलाधिकारी लखनऊ को पत्र लिखा है।
करोड़ों की इस संपत्ति को माफिया मुख्तार से सर्किल रेट छुपा कर मात्र पांच लाख में एक व्यापारी से बैनामा लिया था। एसपी आजमगढ़ सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि जल्द ही उक्त संपत्ति कुर्क की जाएगी। वहीं मुख्तार के अन्य संपत्तियों को भी चिन्हित करने की कवायद में महकमा जुटा हुआ है।