सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान बुलाएंगे तो हमें भी पता नहीं होगा। भगवान के यहां से निमंत्रण नहीं आता है। भगवान स्वयं बुलाते हैं। जब उनका बुलावा आएगा तो पहुंच जाएंगे। क्योंकि हम लोग भी उसी परंपरा के लोग हैं।
अखिलेश शुक्रवार को आजमगढ़ के दौरे पर थे। अखिलेश ने सांगठनिक तैयारियां परखीं और अयोध्या में भगवान राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा से संबंधित सवाल का जवाब भी दिया। उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए भाजपा के एनडीए को हराएगा। भाजपा ने किसानों से आय दोगुनी करने और नौजवानों को नौकरी देने का झूठा वादा किया था। केंद्र की 10 वर्ष की भाजपा सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि उसने कितने नौजवानों को नौकरी दी।
अखिलेश ने भाजपा को 80 लोकसभा सीटों पर हराने और बीजेपी को भगाने का नारा दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में आजमगढ़ से ऐतिहासिक परिणाम आएंगे। इस बार भाजपा आएगी तो वोट डालने का अधिकार छीन लिया जाएगा। हमारा मानना है भाजपा हटाओ, लोकतंत्र बचाओ। भाजपा हारेगी तो ईवीएम अपने आप हट जाएगी।
अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भूमिका होगी। प्रदेश की जनता लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया कर देगी। उत्तर प्रदेश में भाजपा हारेगी तो देश से हटेगी। सपा सभी 80 सीटों पर भाजपा को हराने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 40 लाख करोड़ रुपये के एमओयू का दावा किया गया था। विधानसभा में भी एमओयू होने की घोषणा की, लेकिन दो साल में अभी तक किसी जिले में कोई कारखाना लगता नहीं दिख रहा है। नोटबंदी की नीति पूरी तरह से फेल रही है। किसानों के धान की खरीद नहीं हुई। गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं हुआ। आलू किसान संकट में है। किसानों को फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, जबसे केंद्र में भाजपा सरकार आई है, देश में एक लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं। भाजपा के पास इसका कोई जवाब नहीं है।
अपने गढ़ में तैयारियां पुख्ता करेगी सपा
सपा अपने पुराने गढ़ में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारियां पुख्ता करेगी। अखिलेश यादव आजमगढ़ के बाद शनिवार को इटावा जाएंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति पर मंथन करेंगे। अखिलेश कन्नौज में भी आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लगातार हिस्सा ले रहे हैं। संभल, मुरादाबाद, बदायूं, रामपुर, मैनपुरी, एटा और कासगंज में भी संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम चल रहा है। यहां के कार्यकर्ताओं से सपा हाईकमान सीधे संपर्क में है।
बलराम यादव को नहीं भूले अखिलेश
जैसे ही आशीर्वाद मंच पर अखिलेश यादव पहुंचे और लोगों ने उनका स्वागत किया। अचानक वह मंच से नीचे उतरे और कहां हैं बाबूजी कहते हुए बलराम यादव के पास पहुंचे। उनसे मिले और अपने साथ लेकर मंच पर गए।
देर से पहुंचा अखिलेश का काफिला
सरायमीर। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को 1.30 बजे सरायमीर पहुंचना था लेकिन काफी देर से लगभग सवा तीन बजे निजामुद्दीनपुर पहुंचे। खराब मौसम के कारण वह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिये फुलवरिया टोल प्लाजा पर उतरे जहां सपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। लगभग दो घंटे तक निजामुद्दीनपुर में रहने के बाद अखिलेश यादव का काफिला लखनऊ के लिए रवाना हो गया।
इनकी रही उपस्थिति
हवलदार यादव, विधायक दु्र्गा प्रसाद यादव, डा. संग्राम यादव, नफीस अहमद, आलमबदी, कमलाकांत राजभर, डा. एचएन पटेल, प्रदेश प्रवक्ता डा. अभिषेक राय, अशोक यादव, जिला उपाध्यक्ष विवेक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, पूर्व राज्यसभा सांसद नंद किशोर यादव आदि उपस्थित थे।