आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र में माहुल में हुए जहरीली शराब कांड में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि शराब कांड में चार नामजद सहित सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस की चार टीमें गठित कर दबिश दे रही हैं। जहरीली शराब पीने से अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि प्रशासन जहरीली शराब से पांच लोगों की मौत की ही बात मान रहा है। अस्पताल में 45 लोग भर्ती हैं। छह आईसीयू में भर्ती थे, जिसमें पांच लोगों की स्थिति सामान्य हो गई है।