आजमगढ़। आजमगढ़ विकास प्राधिकरण मात्र एक ट्रेनी कर्मचारी के भरोसे चल रहा है। लोगों की कमी के कारण को प्राधिकरण में आने वाले लोगों को काम कराने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्राधिकरण में अधिकारियों और कर्मचारियों के कुल 17 पद स्वीकृत हैं।
इसके सापेक्ष मात्र एक जेई ही स्थाई तौर पर तैनात है वह भी अभी प्रशिक्षु है। ऐसे में उधार के अधिकारियों और कर्मचारियों के भरोसे ही एडीए के सारे कार्य संचालित हो रहे हैं। आजमगढ़ विकास प्राधिकरण का गठन 2008 में हुआ था। गठन के बाद से यह पहला अवसर आया है कि एडीए के पास कर्मचारी नहीं है।
इसके कारण उसे दूसरे विभागों से उधार पर कर्मचारियों की तैनाती कर कार्य चलाया जा रहा है। कर्मचारियों के न होने से जहां लोगों के छोटे-छोटे काम बाधित हो रहे हैं। वहीं अवैध निर्माणों पर लगाम लगाना भी मुश्किल हो रहा है। एडीए में तैनात मानचित्रकार, एकाउंटेंट, लिपिक के सेवानिवृत्त होने के बाद किसी की तैनाती नहीं हुई।
वहीं जिन जेई का यहां से स्थानांतरण हुआ उनके स्थान पर दूसरे की तैनाती नहीं की गई। पूर्व एई पर शासन स्तर से हुई कार्रवाई के बाद शासन ने कोई नई तैनाती नहीं की। सचिव का पद तो सालों से रिक्त चल रहा है। पहले सचिव की जिम्मेदारी एडीएम वित्त एवं राजस्व निभा रहे थे तो अब यह जिम्मेदारी एडीएम प्रशासन निभा रहे हैं।