आजमगढ़। जिले में प्रथम चरण में कोरोना टीकाकरण के लिए कुल 16089 लोग पंजीकृत हैं। इनको टीका लगाने के लिए 19320 डोज पहले ही मिल चुके हैं। वहीं शासन ने जिले को 15 हजार डोज वैक्सीन और मुहैया कराई है जो वाराणसी पहुंच चुकी है। 23 जनवरी को वैक्सीन लेने के लिए जिले से स्वास्थ्य महकमे की टीम वैक्सीन वाहन के साथ वाराणसी जाएगी। जिले में ढाई लाख कोरोना वैक्सीन के भंडारण की व्यवस्था है।
शासन के निर्देश पर शुरू हुए कोरोना टीकाकरण के प्रथम चरण में फ्रंटलाइन हेल्थ वर्करों का टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में प्रथम चरण के लिए कुल 16089 लोग पंजीकृत है। जिसमें सरकारी व प्राइवेट हेल्थवर्कर शामिल है। इसके बाद अन्य विभागों के फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण होगा। जिसमें पुलिस, सफाई कर्मचारी आदि शामिल रहेंगे। अभी इन लोगा का नंबर आने में वक्त लगेगा लेकिन इनके लिए भी टीका सरकार ने उपलब्ध करा दिया है। जिले के लिए एलॉट हुए 15 हजार कोरोना टीका का डोज वाराणसी पहुंच चुका है। जहां से उसे जिले में लाया जाएगा। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि प्रथम चरण के लिए पंजीकृत 16089 लाभार्थियों के सापेक्ष जिले को 19320 डोज कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है। दूसरे चरण के लिए भी जिले को शासन ने 15 हजार डोज वैक्सीन एलॉट किया है जो वाराणसी पहुंच चुका है। शुक्रवार को जिले में प्रथम चरण के तहत दूसरा बूथ डे आयोजित हो रहा है। जिसके चलते महकमे की टीम अब शनिवार को शासन से एलॉट हुए 15 हजार डोज वैक्सीन को लेने के लिए वाराणसी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में ढाई लाख कोरोना वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था है। जिला अस्पताल परिसर में बनाए गए कोविड भवन में चार बड़े आईएलआर स्थापित किए गए है। जिसमें महकमा शासन से मिले कोरोना वैक्सीन के डोज को सुरक्षित रखेगी। ढाई लाख वैक्सीन हम सुरक्षित रख सकते है, जिसे जरूरत पड़ने पर और बढ़ाया भी जा सकता है।
फूलपुर पहुंची कोरोना वैक्सीन, रखवाई गई सुरक्षित
फूलपुर। कोरोना टीकाकरण के लिए जिला मुख्यालय से वैक्सीन बृहस्पतिवार को सीएचसी फूलपुर पर पहुंच गई। शुक्रवार को यहां भी टीकाकरण होना है। वैक्सीन के पहुंचने पर सीएचसी के स्वास्थ्य कर्मियों में प्रसन्नता देखने को मिली। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राम सिंह यादव, डॉ. मो. अजीत, प्रतिरक्षण अधिकारी मुकेश मौर्या ने वैक्सीन पहुंचने पर खुशी जतायी और उसे सीएचसी के कोल्डचेन में सुरक्षित रखवा दिया। शुक्रवार की सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया जाएगा।