भदुली घाट पर मृतक संदिग्ध कोरोना पाजेटिव के शव को जलवाने पहुंची पुलिस।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। जिले में एक और कोरोना संदिग्ध की मौत हो गई है। मृतक के शव का कोरोना प्रोटोकाल के अनुरूप भदुली घाट पर अंतिम संस्कार कराया गया है। जहां शव जलाए जाने को लेकर ग्रामीणों ने विरोध भी किया। बाद में पहुंचे एसडीएम व सीओ ने किसी तरह शव का अंतिम संस्कार कराया।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के जोलहापुर गांव में एक व्यक्ति 15 दिनों पूर्व साउथ अफ्रीका से वापस लौटा था। दो-तीन दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। शनिवार की सुबह परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। विदेश से लौटे युवक की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। शव का सैंपल लिया गया और फिर कोरोना प्रोटोकाल के तहत उसका अंतिम संस्कार कराने का निर्णय लिया गया। शाम में स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस फोर्स शव लेकर सिधारी थाना अंतर्गत भदुली घाट पर पहुंची। जहां कोरोना संदिग्ध के अंतिम संस्कार की जानकारी होने पर गांव के लोग आक्रोशित हो उठे और शवदाह करने का विरोध करने लगे। सूचना पर एसडीएम सदर व सीओ सिटी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सीओ सिटी व एसडीएम ने ग्रामीणों को बताया कि जिले में कोरोना पॉजिटिव व संदिग्ध कोरोना पॉजिटिव के शव के अंतिम संस्कार के लिए राजघाट व भदुली घाट चिन्हित किए गए है। इसके बाद प्रशासन ने अपने दबाव में ग्रामीणों के विरोध को दर किनार कर संदिग्ध के शव का कोरोना प्रोटोकाल के तहत भदुली घाट पर अंतिम संस्कार करा दिया।
भदुली घाट पर मृतक संदिग्ध कोरोना पाजेटिव के शव को जलवाने पहुंची पुलिस।- फोटो : AZAMGARH