जहानागंज । थाना क्षेत्र के भैंसही नदी के पास जहानागंज-गाजीपुर मार्ग पर शुक्रवार रात आठ बजे एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जहानागंज थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना में बाइक पर बैठी सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन और मामा घायल हो गए। परिवार के सदस्य बाजार से चाऊमीन खाकर घर लौट रहे थे। वहीं घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जहानागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी शिवचंद पासवान की नतिनी अनन्या (7) बहन शिवांगी (9) और मामा सूरज के साथ बाइक से बाजार गई थी। बाजार में वह चाऊमीन खाकर घर लौट रहे थे। वह जैसे ही जहानागंज थाना क्षेत्र के भैंसही नदी के पास जहानागंज-गाजीपुर मार्ग पर पहुंचे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अनन्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन शिवांगी गंभीर रूप से घायल हो गई और मामा सूरज व मिंटू को भी हल्की चोटें आईं। अनन्या पासवान अपने मां के घर शाहपुर गांव आई थी।
वह मूल रूप से तरवां थाना क्षेत्र के जिया गांव की रहने वाली थी। उसके पिता धर्मराज पासवान और मां रेनू पासवान इस हादसे के बाद बेसुध हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और हर किसी की आंखें नम हैं।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पिता के कहने पर शव का पंचनामा कर उनको सुपुर्द कर दिया गया है। उनकी तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार की तलाश की जा रही है।