राशन वितरण में की जा रही अनियमितता को लेकर बृहस्पतिवार को तुलापुर पोखरा के ग्रामीणों ने गांव में ही कोटेदार के विरुद्घ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रति यूनिट 5 किलो राशन की जगह कम राशन दिया जा रहा है। गरीबों के खाद्यान्न की कोटेदार द्वारा कालाबाजारी की जा रही है।
हरैया विकासखंड के तुलापुर पोखरा गांव के कोटेदार की मनमानी और खाद्यान्न वितरण में की जा रही अनियमितता को लेकर ग्रामीणों मे काफी आक्रोश है। गांव के अर्जुन सिंह पटेल का कहना है कि कोटेदार पहले तो अंगूठा लगवा लेतेे हैं बाद में राशन देने के लिए दौड़ाते रहते हैं। कार्डधारक जब कोटे की दुकान पर पहुंचते हैं तो वह नहीं रहते हैं। कार्डधारक महिलाओं को 10 से 15 बार कोटे की दुकान का चक्कर लगाना पड़ता है तब जाकर राशन मिलता है। महिलाओं ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए गांव में ही प्रदर्शन किया। गांव के अर्जुन सिंह पटेल, बिंदु प्रजापति, बसंती, लालती, मंजू, भानमती, अनीता, कंचन, रानी, कलावती, राधिका, राज कुमारी, सरिता, प्रीति, अनुराधा, शेखर सिंह ,मोनू, अंकुश ,सचन,सुमित आदि लोगों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि बीते बुधवार को जब राशन का वितरण किया जा रहा था तो चार यूनिट पर 20 किलो राशन की जगह 17 से 18 किलो राशन ही दिया जा रहा था। लोगों ने जब इसका विरोध कर मौके पर 112 नंबर पुलिस बुलाया। उसके बाद 20 से 25 लोगों को राशन दिया। इस संबंध में गांव के कोटेदार रमेश गुप्ता ने कहा कि राशन समय से बांटते हैं। कुछ लोग द्वेष बस प्रदर्शन कर रहे हैं। पूर्ति निरीक्षक हरैया दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि सूचना मिली है अनियमितता की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।