आजमगढ़। शहर के एक निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगा है। आरोप है कि गलत ब्लड चढ़ाने से एक मरीज की सोमवार को मौत हो गई। परिजन एंबुलेंस से शव लेकर सीधे सिधारी थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी मोहल्ला निवासी नवीन मिश्रा ने तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी तृप्ति मिश्रा की तबीयत नौ दिसंबर को खराब होने पर सिधारी स्थित एक अस्पताल में लेकर गए। वहां चिकित्सक ने बताया कि खून की कमी है। उन्होंने एबी प्लस (AB+) ब्लड लाने के लिए कहा। इस पर ब्लड बैंक से खून लाकर दिया। पहले दो यूनिट ब्लड चढ़ाया और कहा कि मरीज को घर लेकर जाइये। एक दो दिन में रिपोर्ट बताते रहिएगा। जबकि पत्नी की तबीयत ठीक नहीं थी। इसके बाद वह पत्नी को लेकर वाराणसी के एक निजी अस्पताल में गए। वहां जांच में बताया कि ए प्लस (A+) ग्रुप का ब्लड चढ़ेगा। तब नवीन ने
बताया कि एबी प्लस (AB+) ग्रुप का ब्लड चढ़ाया गया है। इस पर चिकित्सक ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद नवीन वाराणसी के एक बड़े अस्पताल में पत्नी को ले गए।
वहां भी चिकित्सक ने जांच के बाद उनकी पत्नी का ब्लड ग्रुप ए प्लस (A+) बताया। इसके बाद ए प्लस ग्रुप का ब्लड भी चढ़ाया। पीड़ित ने बताया कि यहां पत्नी की उपचार के दौरान सोमवार की सुबह मौत हो गई।
एक मरीज की मौत हो गई है। परिजन शहर के एक निजी अस्पताल पर गलत उपचार का आरोप लगा रहे हैं। मामले की जांच के लिए सीएमओ को पत्र जारी किया जाएगा। यदि जांच में कोई दोषी मिलेगा तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।- शैलेंद्र लाल, एसपी सिटी।