खुश हो जाइये...। अब रेलवे में यात्रा करने वाले यात्रियों को बढ़ा हुआ किराया नहीं देना होगा। रेलवे ने 15 नवंबर यानी आज सोमवार से सभी एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेन सामान्य रूप से चलेगी। रेलवे ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया है।
कोविड 19 के कारण जून 2020 से कई ट्रेनों को स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया जा रहा था। इसमें यात्रियों को स्पेशल ट्रेन पर 1.3 गुना किराया लिया जा रहा था। साथ ही सभी तरह की रियायत और आरक्षण बंद कर दिया गया था। रेलवे बोर्ड से जारी आदेश के बाद रेलवे ने नया आदेश जारी कर दिया है। 15 नवंबर से सभी ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से किया जाएगा। इसमें यात्रियों को सभी तरह का आरक्षण और यात्रा में रियायत भी दी जाएगी। साथ ही ट्रेनों का किराया भी सामान्य तरीके से लगेगा। इसके अलावा सामान्य श्रेणी के लिए टिकट का आरक्षण भी नहीं लेना होगा। यात्री बिना किसी परेशानी के टिकट काउंटर से टिकट लेकर सामान्य श्रेणी से यात्रा कर सकते हैं।
कोविड 19 के बाद ट्रेनों की संख्या में बदलाव किया गया था। ट्रेन संख्या में 1 के बजाए शून्य लगाकर उसे स्पेशल ट्रेन लगाकर चलाया जा रहा था। लेकिन 15 नवंबर से ट्रेन अपने पुराने संख्या के अनुसार चलेगा। अब ट्रेन संख्या शून्य के बजाए 1 लगाकर चलाया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि वैसे यात्री जिन्होंने एक माह बाद ट्रेन में यात्रा करने के लिए पहले ही अपना टिकट बुक करा लिया है। नई व्यवस्था कायम होने के बाद उनका बढ़ा हुआ किराया वापस नहीं होगा। अब 15 नवंबर से ट्रेनें सामान्य बनकर चलेगी। इससे यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।