आजमगढ़। शारदीय नवरात्र की नवमी पर शुक्रवार को मां के दरबार में अर्जी लगाने आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। नौ दिनों तक व्रत रखने वाले भक्तों ने घरों में पूजन-अर्चन कर कन्याओं को भोजन कराया।
इधर सुबह से ही नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में देवी मंदिरों में पूजन-अर्चन को भक्तों की भीड़ रही। इस दौरान हवन-पूजन और घंटा-घडिय़ाल की आवाज से वातावरण भक्तिमय हो गया है।
शारदीय नवरात्र के नौवें दिन रविवार को मां सिद्धिदात्री की आराधना की। पूरे जिला मां के रंग में रंगा है।
कुंवारी नौ कन्याओं को भोजन कराकर उन्हें विदाई दी। उधर नगर के चौक स्थित दक्षिणमुखी मां के मंदिर, बड़ादेव दुर्गा मंदिर, रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर, बेलइसा काली जी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में मां के भक्तों की भीड़ रही।
निजामाबाद संवाददाता के अनुसार कस्बे में मां शीतला धाम पर नौवें दिन जिले के अलावा अन्य जनपदों से आए भक्तों ने मां के दरबार में मत्था टेका। वहीं मंदिर परिसर में चल रहे भजन कीर्तन से पूरा क्षेत्र मां मय हो गया।
पल्हना संवाददाता के अनुसार मां पाल्हमेश्वरी के धाम पर नौवें दिन तिल रखने तक की जगह नहीं थी। इस दौरान मंदिर परिसर में मां के दर्शन को भक्तों की लंबी लाइन देखने को मिली। भक्तों द्वारा लगाए जा रहे मां के जयकारे से पूरा क्षेत्र मां मय हो गया।
लाटघाट संवाददाता के अनुसार धनछुला चन्ना राम में स्थित मां कालिका के मंदिर पर मां के दर्शन को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने मां के दर्शन कर मन्नतें मांगी।